विपक्षी नेताओं का आकाशवाणी भवन में धरना और प्रदर्शन
भोपाल [ महा मीडिया]
विपक्षी गठबंधनके नेताओं का नई दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन के अंदर और बाहर धरना प्रदर्शन जारी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद मार्ग से चुनाव आयोग मुख्यालय की तरफ बढ़ रहे 19 विपक्षी दलों के 'सेव डेमोक्रेसी मार्च' को जब दिल्ली पुलिस ने नीति आयोग और आकाशवाणी भवन के पास बैरिकेड्स लगाकर रोक दिया, तो यह हाई-ड्रामा शुरू हुआ। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की कोशिश के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सुरक्षा घेरे को पार करते हुए आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर घुस गए। वे दोनों परिसर के अंदर एक पेड़ के नीचे धरने पर बैठ गए हैं और चुनाव आयोग के दफ्तर जाने की मांग पर अड़े हुए हैं। मार्च के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, टीएमसी के अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ'ब्रायन और आरजेडी के मनोज झा सहित कई विपक्षी सांसदों व नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। विपक्षी दल मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और "वोट चोरी" के आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के विरुद्ध देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।