मुख्यमंत्री यादव ने एमपीपीएससी परीक्षा साल में दो बार कराने की घोषणा की
भोपाल [ महा मीडिया] मुख्यमंत्री मोहन यादव आज भोपाल में मुख्यमंत्री यूथ कॉन्क्लेव में युवाओं से बात कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा सरकार अगले साल को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी। इसमें दो बार एमपीपीएससी परीक्षा कराई जाएगी। अब विद्यार्थियों को एक वर्ष में दो बार एमपीपीएससी परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ाना और चयन प्रक्रिया को तेज करना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अब रिसर्च करने वाले स्टूडेंट्स को 16 हजार की जगह 25 हजार रुपए हर महीने मिलेंगे। स्टार्टअप के लिए 5 करोड़ का फंड बनाया जा रहा है। कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग चलाई जाएंगी। अत्याधुनिक लैब बनाने के साथ ही प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से नौकरियां दिलाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर यूनिवर्सिटी में रिसर्च वर्क के लिए एक करोड़ रुपए का फंड दिया जाएगा। रोजगार दिलाने के लिए अगले साल फिर इन्वेस्टर मीट कराई जाएगी।