संसद के मानसून सत्र में सात विधेयक पास कराने की तैयारी
भोपाल [महामीडिया]
संसद के आगामी मानसून सत्र में सात बिल पेश किए जाएंगे। इनमें वंदे मातरम के अपमान और विदेशी चंदा कानून में संशोधन से जुड़े विधेयक भी शामिल हैं। बिलों की अस्थायी सूची में अभी किसी भी संविधान संशोधन बिल जैसे परिसीमन या नारी संशोधन का जिक्र नहीं है। इन प्रस्तावित कानूनों का संबंध कर व्यवस्था, न्यायपालिका, नागरिक पंजीकरण, राष्ट्रीय सम्मान और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों से है। सरकार जिन नए विधेयकों को सदन में ला सकती है उनमें इनकम-टैक्स बिल 2026 और सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन बिल, 2026 प्रमुख हैं। दोनों विधेयक पहले जारी किए गए अध्यादेशों का स्थान लेने के उद्देश्य से लाए जा रहे हैं। इनकम-टैक्स संशोधन बिल के जरिए कर प्रशासन और कर संबंधी प्रावधानों में बदलाव किए जाने की संभावना है जबकि सुप्रीम कोर्ट से जुड़े विधेयक का उद्देश्य शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने संबंधी प्रावधानों को कानूनी रूप देना माना जा रहा है।