संपूर्ण देश के महर्षि संस्थानों में श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव 29 जुलाई को
भोपाल [महा मीडिया]
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 29 जुलाई को महर्षि संस्थान में दो दिवसीय "श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव" का आयोजन किया जा रहा है जो की समान रूप से संपूर्ण देश में स्थित समस्त महर्षि संस्थानों सहित समस्त महर्षि विद्या मंदिर विद्यालयों में एक साथ मनाया जाएगा एवं जिसका प्रमुख कार्यक्रम महर्षि उत्सव भवन, छान भोपाल में संपन्न होगा। ब्रह्मचारी गिरीश जी के मुख्य आतिथ्य में यह महोत्सव गुरुदेव ब्रह्मानंद सरस्वती आश्रम, भोजपुर मंदिर मार्ग, छान के महर्षि उत्सव भवन में आयोजित किया जायेगा ।
कार्यक्रम में महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह के अध्यक्ष एवं महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ब्रह्मचारी गिरीश जी अपना उदबोधन देते हुए संस्थान की समस्त उपलब्धियों को गुरु चरणों में समर्पित करेंगे ।
इस महोत्सव में महर्षि महेश योगी संस्थान की परंपरा के अनुसार श्री गुरु परंपरा का पूजन कर अनंत श्री विभूषित गुरुदेव स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती शंकराचार्य जी महाराज का पूजन एवं परम पूज्य महर्षि महेश योगी जी के द्वारा वैदिक संस्कृति के उत्थान और पुनर्स्थापना के कार्यों का स्मरण करके महर्षि संस्थान अपने वर्षभर की उपलब्धियों को उनके श्री चरणों पर अर्पित करेगा और नववर्ष की अपनी नवीन योजनाओं के लिए आशीर्वाद प्राप्त करेगा । इसके पश्चात महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह के कार्यपालक निदेशक प्रकाश जोशी, महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु प्रो. भुवनेश शर्मा एवं वैद्य मधुसुदन देशपांडे अपना- अपना उदबोधन देंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि संस्थान की परंपरा के अनुसार श्री गुरु पूजन से प्रारंभ होगा । इसके पश्चात महर्षि वैदिक पंडितों द्वारा वैदिक शांति पाठ किया जाएगा ।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस 28 जुलाई को दोपहर 2:00 बजे से लेकर 3:30 बजे तक प्रख्यात भजन गायक श्रीमती रिंदाना रहस्य, हारमोनियम वादक डॉ.आशिक़ कुमार ,तबला वादक अनूप घोष एवं ताल वाद्य वादक मनोज सिंह एवं अतुल शंकर और उनकी मंडली के द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी । इसके पश्चात नृत्य कार्यक्रम होगा जो की साढे तीन बजे से लेकर 5:30 बजे तक चलेगा। इसमें सुप्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना सुश्री मुक्ति श्री, सुश्री आयुषी दीक्षित एवं सुश्री अन्वी श्री शास्त्रीय नृत्य की अपनी - अपनी प्रस्तुतियां प्रस्तुत करेंगी।
इस संपूर्ण दो दिवसीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रामराज टीवी के वेबसाइट, फेसबुक एवं यूट्यूब चैनलों द्वारा किया जायेगा जिसकी लिंक इस प्रकार है -
वेबसाइट - WWW.ramrajtv.in
यू ट्यूब - htpps://WWW.youtube.com/c/Ramrajtv/
फेसबुक - htpps://WWW.facebook.com/1/Ramrajtv