म.प्र.कैबिनेट ने 2027 को युवा वर्ष घोषित करके,सहकारी बैंकों के चुनाव एक वर्ष टाले
भोपाल [ महा मीडिया] मध्य प्रदेश में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए टाल दिए गए हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।नई पैक्स समितियों के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया के चलते यह निर्णय लिया गया है। पैक्स के प्रतिनिधि ही जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता होते हैं इसलिए बैंक चुनाव भी अब पैक्स चुनाव के बाद होंगे। कैबिनेट ने नौ जिला सहकारी बैंकों को अंश पूंजी देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इसके अलावा सरकार के तीन साल के कामकाज की समीक्षा और आगामी दो साल की रणनीति तय करने के लिए 2 दिसंबर को अधिकारियों का नीति चिंतन और 21-22 दिसंबर को मंत्रियों-विधायकों का चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा। प्रदेश में खनिज रॉयल्टी से वर्तमान में 12,170 करोड़ रुपए की आमदनी होती है। इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपए करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रदेश को तीन हिस्सों में बांटकर खनिज निगम लिमिटेड के माध्यम से नया सर्वे कराया जाएगा। प्रदेश में वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। देसी नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित करने वाली गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना जारी रहेगी। इसके तहत प्रतिदिन छह लीटर से अधिक दूध देने वाली देसी गायों के पशुपालकों को ग्राम और ब्लॉक स्तर पर एक-एक लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाता है।