अर्से बाद चंबल के बीहडों में फ़िल्मी सेट लगा
भोपाल [ महामीडिया]
कभी डकैतों और खूनी संघर्षों की कहानियों के लिए चर्चा में रहने वाले चंबल के बीहड़ इन दिनों एक अलग वजह से सुर्खियों में हैं। इस बार वहां फिल्मों की शूटिंग का माहौल देखने को मिल रहा है। मैडॉक फिल्म्स ने अपनी अगली फिल्म ‘शक्तिशालिनी’ की शूटिंग के लिए मुंबई और हैदराबाद के स्टूडियो सेट्स की बजाय चंबल के असली बीहड़ों को चुना है। इसमें चंबल को सिर्फ एक शूटिंग लोकेशन नहीं बल्कि कहानी के अहम हिस्से के तौर पर दिखाया जाएगा। बीहड़ों की वीरानी, गुफाएं, मिट्टी और रात का सन्नाटा फिल्म के माहौल को और प्रभावी बनाएंगे।
‘फिल्म के लिए मेकर्स ने स्टूडियो सेट्स का सहारा लेने के बजाय चंबल के असली बीहड़ों के बीच एक बड़ा सेट तैयार किया। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिनों की मेहनत के बाद वहां प्राचीन तांत्रिक गुफाओं जैसा माहौल बनाया गया। इन गुफाओं की डिजाइन लोककथाओं, पुराने मंदिरों और मध्य भारत की तांत्रिक परंपराओं से प्रेरित है। सेट के अंदर गुप्त रास्ते, विशाल मूर्तियां, अग्निकुंड और कई रहस्यमयी प्रतीकों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे फिल्म का माहौल और प्रभावी दिखे। जानकारी यह भी सामने आई है कि फिल्म के कुछ अहम ट्विस्ट और क्लाइमैक्स सीन्स इन्हीं गुफाओं में शूट किए गए। शूटिंग के दौरान गोपनीयता बनाए रखने के लिए यूनिट पर मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए थे।