भोपाल का बड़ा तालाब सिर्फ एक फीट खाली
भोपाल [ महा मीडिया] बड़ा तालाब अपनी उपयोगी जल-क्षमता का 92.6% भर चुका है। जलस्तर 1665.70 फीट पर है और फुल टैंक लेवल 1666.80 फीट से सिर्फ 1.10 फीट दूर है। बड़ा तालाब लबालब होने के बाद भदभदा के गेट खुलने का नजारा भोपाल में किसी उत्सव से कम नहीं होता। अब शहर को उसी पल का इंतजार है। सीजन की सामान्य बारिश करीब 42 इंच है। अब तक 38.23 इंच 91% बारिश हो चुकी है। सामान्य बारिश का कोटा पूरा होने के लिए अब सिर्फ 3.77 इंच पानी और चाहिए। हाल ही में हुई अच्छी बारिश के बाद शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले बड़े तालाब का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। वर्तमान में यह अपने पूर्ण जलस्तर के बेहद करीब पहुंच चुका है।