आज कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की पांच प्रतिस्पर्धायें
भोपाल [ महा मीडिया]
कॉमनवेल्थ गेम्स के दूसरे दिन भारतीय खिलाड़ी आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स, पैरा पावरलिफ्टिंग, स्विमिंग, लॉन बॉल्स और बॉक्सिंग स्पर्धाओं मे शामिल होंगे । दिनभर में 14 गोल्ड मेडल इवेंट्स होंगे।भारतीय दल की सबसे ज्यादा उम्मीदें पैरा पावरलिफ्टिंग से हैं। इसमें 7 भारतीय खिलाड़ी 6 इवेंट में मेडल जीतने उतरेंगे। इसके अलावा जिम्नास्टिक्स में पुरुष टीम , बॉक्सिंग में जदुमणि सिंह और लॉन बॉल्स में रूपा रानी तिर्की-पिंकी की जोड़ी पर भी नजर रहेगी। भारत के लिए शाम 5:40 बजे अशोक कुमार मलिक और परमजीत कुमार पुरुष पैरा पावरलिफ्टिंग लाइटवेट फाइनल में उतरेंगे। इसके बाद महिला लाइटवेट वर्ग में जसप्रीत कौर और सुमन देवी चुनौती पेश करेंगी। देर रात कस्तूरी राजामणि महिला हेवीवेट वर्ग में जबकि सुधीर और झंडू कुमार पुरुष हेवीवेट फाइनल में मेडल के लिए मुकाबला करेंगे। महिला पेयर्स में रूपा रानी तिर्की और पिंकी की जोड़ी सेक्शनल राउंड-2 में साउथ अफ्रीका की थाबेलो मुवहांगो और जैकी वैन रेंसबर्ग का सामना करेगी। भारतीय जोड़ी ने पहले मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की थी और अब वह जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। वहीं पुतुल सोनोवाल पुरुष सिंगल्स सेक्शनल राउंड-2 मुकाबले में फॉकलैंड आइलैंड्स के सेसिल अलेक्जेंडर से भिड़ेंगे।