नवीनतम
यूरोप में रिकॉर्ड गर्मी से 50 हजार मौतें
नई दिल्ली (महामीडिया): यूरोप में इस साल जून से अगस्त के बीच भीषण गर्मी के कारण 50,391 लोगों की मौत हुई। इनमें 32,619 मौतों के लिए जलवायु परिवर्तन (क्लाइमेट चेंज) को जिम्मेदार माना गया है। कोयला, तेल और गैस जलाने से बढ़ते वैश्विक तापमान ने गर्मी को और जानलेवा बना दिया।
इंपीरियल कॉलेज लंदन के वैज्ञानिकों ने यूरोप के 854 शहरों के तापमान और मौतों के आंकड़ों का अध्ययन कर यह अनुमान लगाया। इन शहरों में यूरोप की करीब 40% आबादी रहती है। 2022 की तुलना में इस बार गर्मी से होने वाली मौतें 71% बढ़ गईं। उस साल 29,480 लोगों की जान गई थी।
सबसे ज्यादा मौतें इटली, फ्रांस, स्पेन और जर्मनी में हुई हैं। गर्मी से 20 से 44 साल के 800 से ज्यादा लोगों की भी मौत हुई। अकेले 17 जून से 1 जुलाई के बीच करीब एक-तिहाई मौतें हुईं। इस दौरान तापमान सामान्य से 5.3°C ज्यादा था।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, मई की हीटवेव को शामिल नहीं किए जाने के कारण वास्तविक मौतों का आंकड़ा और ज्यादा हो सकता है। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि यूरोप का बुनियादी ढांचा इतनी भीषण गर्मी से निपटने के लिए तैयार नहीं है।