नवीनतम
उत्तर-पश्चिमी नेपाल में दो भूकंप आए
नई दिल्ली (महामीडिया): उत्तर-पश्चिमी नेपाल में लगातार दो बार भूकंप आया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। हालांकि, भूकंप से अभी तक किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की तत्काल कोई सूचना नहीं है।
नेशनल सिस्मोलॉजिकल रिसर्च सेंटर के अनुसार, 4.5 तीव्रता का पहला झटका रात 1:51 बजे (स्थानीय समय) महसूस किया गया। सेंटर ने बताया कि 4.2 तीव्रता का दूसरा भूकंप सुबह 4:28 बजे (स्थानीय समय) आया, जिसका केंद्र भी मुगु जिले के कलाई के आसपास था। ये झटके पड़ोसी जिलों डोल्पा और जुमला में भी महसूस किए गए। हालांकि, इन झटकों से किसी तरह के नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं मिली है।
भूकंप के लिहाज से संवेदनशील इलाके में स्थित नेपाल में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। यह क्षेत्र अलर्ट पर है और अधिकारी प्रभावित इलाकों में किसी भी आफ्टरशॉक या संभावित ढांचागत नुकसान पर नज़र रख रहे हैं।