भारत मंडपम में सांस्कृतिक उत्सव
नई दिल्ली [महा मीडिया]
भारत मंडपम से कुछ ही मीटर की दूरी पर संस्कृति का उत्सव शुरू हो गया है। राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय और हस्तकला अकादमी में एक रचनात्मक प्रदर्शनी ‘ब्रिक्स बाजार’ लगाई गई है। जिसमें सदस्य देशों और साझेदार देशों की कला और हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया जा रहा है।इस बाजार में 18 देशों के 40 से अधिक कारीगर, डिजाइनर और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़ी कंपनियां एक ही जगह पर अपने उत्पाद और कला पेश कर रही हैं। यह प्रदर्शनी 15 सितंबर तक चलेगी। ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान कई विदेशी मेहमान और उनके परिवार के सदस्यों के भी सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत इस प्रदर्शनी का दौरा करने की उम्मीद है।इस प्रदर्शनी में चीन की सूझोउ कढ़ाई, इंडोनेशिया की पारंपरिक बुनाई, नाइजीरिया की लकड़ी और लौकी से बनी कलाकृतियों और दक्षिण अफ्रीका की जुलू चमड़ा कला समेत ब्रिक्स देशों की प्रामाणिक कला, हस्तशिल्प, हथकरघा, कपड़े और कलाकृतियां हैं । प्रदर्शनी के अलावा यहां विभिन्न कलाकृतियों की सजावट, कारीगरों को अपनी कला बनाते हुए देखने का मौका और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।भारत के चार कारीगर भी अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। ब्रिक्स के सदस्य और साझेदार देशों के लिए लगाए गए स्टॉल के अलावा मेजबान भारत ने देश के अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक विविधता दिखाने के लिए भी विशेष कॉर्नर बनाए हैं। प्रदर्शनी स्थल पर जम्मू-कश्मीर की झोपड़ी, राजस्थान का आंगन, गुजरात की झोपड़ी, ओडिशा का आंगन, बंगाल की झोपड़ी और बिहार का आंगन बनाया गया है।