ऑनलाइन गणेश प्रतिमा खरीदी पर सावधानियां
भोपाल [ महामीडिया]
गणेश चतुर्थी की तैयारियां देशभर में जोर-शोर से चल रही हैं। आधुनिक समय और व्यस्त दिनचर्या के कारण आजकल बहुत से लोग घर बैठे ऑनलाइन गणेश प्रतिमा मंगा रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं के मन में अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या ऑनलाइन खरीदी गई मूर्ति की पूजा करना शास्त्रसम्मत है ? शास्त्रों के अनुसार ऑनलाइन गणेश प्रतिमा खरीदने में कोई धार्मिक दोष नहीं है। मूर्ति किस माध्यम से खरीदी गई है इससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि मूर्ति का स्वरूप कैसा है और उसकी पवित्रता बनी हुई है या नहीं। गणेश उत्सव के लिए हमेशा पर्यावरण-अनुकूल मिट्टी (माटी) या गोबर से बनी प्रतिमा को ही प्राथमिकता दें। प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों से बचें। बप्पा की मूर्ति बैठी हुई मुद्रा में हो, सूंड बाईं ओर मुड़ी हो और साथ में उनका वाहन मूषक (चूहा) व हाथ में मोदक अवश्य हो। मूर्ति कहीं से भी टूटी, चटकी या खंडित न हो। हमेशा किसी भरोसेमंद पोर्टल या वेबसाइट से ही आर्डर करें। संभव हो तो प्री-पेमेंट की जगह कैश-ऑन-डिलीवरी चुनें।