इजरायली यात्रियों से भरे विमान को क्रैश करने की कोशिश
मुंबई [महा मीडिया]
दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट में दो पायलटों के बीच उड़ते विमान में हिंसक विवाद व झगड़ा हो गया था। इस झड़प के दौरान विमान से आपातकालीन विमान अपहरण का अलर्ट सिग्नल जारी हो गया जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।इस सुरक्षा अलर्ट के कारण इजरायल ने तुरंत अपने लड़ाकू विमान तैनात कर दिए। आखिरकार इस विमान को डायवर्ट करके सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी जहां सभी यात्री सुरक्षित हैं। एक पायलट ने कथित तौर पर विमान को क्रैश करते हुए 9/11 जैसे हमले की कोशिश की। इस पूरे घटनाक्रम में दूसरे पायलट के साथ-साथ एक यात्री ने दिलेरी दिखाते हुए आरोपी पायलट को काबू करने में मदद की। संदिग्ध पायलट ओमान का बताया गया है। एक यात्री की तस्वीरें सामने आई हैं जिसकी टीशर्ट खून से सनी दिख रही है। बताया गया है कि विमान मे उपस्थित इस इजरायली ने हमलावर चाकूबाज को काबू करते हुए करीब 180 लोगों की जान बचाने में रोल निभाया है। इसके नाम का खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है। विमान के अंदर के घटनाक्रम पर आधिकारिक तौर पर अभी चीजें साफ नहीं की गई हैं।