म.प्र.के मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए राशि हस्तांतरित
भोपाल [ महा मीडिया] लैपटॉप वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए मेधावी विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब वे गणतंत्र और स्वतंत्रता दिवस पर मिलने वाले लड्डू के लिए भी तरस जाते थे। आज परिस्थितियां बदल गई हैं। उन्होंने बच्चों से कहा- "आज लर्न करोगे तो कल अर्न करोगे।"मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के सपनों पर भी संवाद किया। किसी ने राजनेता बनने की इच्छा जताई तो किसी ने एंटरप्रेन्योर बनने का सपना बताया। कार्यक्रम में 10 विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए गए जबकि विद्यार्थियों के खातों में लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। कार्यक्रम में 12वीं में 97.2% अंक हासिल करने वाले धीरेंद्र ने कहा कि वह आगे चलकर राजनेता बनना चाहते हैं। फिलहाल यूपीएससी की तैयारी उनका लक्ष्य है और 21 वर्ष की उम्र में परीक्षा देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति में आकर देश के विकास में योगदान देना चाहते हैं।