मोदी ने दीपावली मिलन कार्यक्रम में अपने सशक्त संबंधों को याद किया
भोपाल [ महा मीडिया] प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों के साथ अपने दशकों पुराने और सशक्त संबंधों को याद किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संबंधों की आत्मीयता बहुत महत्वपूर्ण होती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। यह कार्यक्रम दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित हो रहा है।मोदी ने इस अवसर पर कहा कि मैं यहां 11 अशोका रोड पर रहा करता था। एक दिन सभी पत्रकार अचानक मेरे कमरे में आ गए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में मेरा गला पकड़ लिया और कहा कि मिठाई खिलाओ।मैंने पूछा कि किस बात की मिठाई खिलाऊं, तो उन्होंने कहा कि आप गुजरात के मुख्यमंत्री बन गए हैं। मुझे खुद इस बात की जानकारी नहीं थी, लेकिन पत्रकारों को पहले ही पता चल गया था।उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ मेरी दोस्ती और अपनेपन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 2001 में जब मेरा शपथ ग्रहण समारोह हुआ तो कई पत्रकार अपने खर्चे पर वहां पहुंचे थे।प्रधानमंत्री ने कहा कि इन 25 सालों में काफी कुछ बदल गया है। देश, दुनिया, राजनीति और मीडिया का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। कुछ काम आसान हुए हैं, तो कुछ मुश्किल भी हुए हैं। पहले ओबी वैन के जरिए खबरों की कवरेज होती थी लेकिन अब मोबाइल ही ओबी वैन बन गया है। पहले कहा जाता था कि गली-गली में क्रिकेट के विशेषज्ञ मिल जाते हैं, जो बताते थे कि सचिन ने कहां गलती की। अब हालात ऐसे हैं कि गली-गली में राजनीति के विशेषज्ञ मिल जाते हैं।उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय हर कोई अपने परिवार और अपनों के साथ समय बिताने की कोशिश करता है। आपका काम ऐसा है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज की भागदौड़ लगातार लगी रहती है। इसके बावजूद आप इस नॉन-ब्रेकिंग न्यूज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए, इसके लिए मैं आपका आभारी हूं।मोदी ने कहा कि पुराने लोग जानते हैं कि मेरा आप सभी के साथ लंबे समय से संबंध रहा है। इस दीपावली मिलन समारोह की मेजबानी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।