म.प्र. कैबिनेट : ड्रेस के लिए हर विद्यार्थी को छह सौ रूपए मिलेंगे
भोपाल [ महा मीडिया] मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई म.प्र. कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में कई निर्णय लिए गए हैं। प्रदेश सरकार ने स्कूली छात्रों और राज्य के विकास कार्यों को लेकर बड़े निर्णय लिए हैं जिनमें कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों को ड्रेस के स्थान पर नगद राशि देना प्रमुख है। कैबिनेट बैठक में स्कूली शिक्षा को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है। अब प्रदेश में कक्षा एक से लेकर आठवीं तक के विद्यार्थियों को गणवेश के स्थान पर 600 रुपये की नगद राशि दी जाएगी। यह राशि सीधे छात्रों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। कैबिनेट ने दमोह-कटनी मार्ग के निर्माण कार्य को अपनी अनुमति प्रदान कर दी है । इसके साथ ही छिंदवाड़ा मेडिकल साइंस कॉलेज के निर्माण के लिए भी पुनरीक्षित स्वीकृति दी गई है जिससे क्षेत्र को और मजबूती मिलेगी। इसके साथ साथ सरकारी भर्तियों में अब अग्निवीरों को 20 प्रतिशत का सीधा आरक्षण दिया जाएगा यह भी निर्णय लिया गया है। पहले बनी तैयार ड्रेस बांटने की योजना और टेंडर प्रक्रिया हाई कोर्ट में कानूनी अड़चन के कारण आगे नहीं बढ़ पाई जिसके बाद सरकार ने पुरानी नकद राशि वाली व्यवस्था को फिर से बहाल करने का फैसला किया।