म.प्र. के भू स्वामित्व में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी
मैहर [ महा मीडिया]
म.प्र. में भू-संपत्तियों के स्वामित्व में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। म.प्र. में जून तक कुल 49 हजार 311 प्रॉपर्टी के दस्तावेज रजिस्टर्ड हुए हैं जिनमें से 16 हजार 888 अर्थात 34 प्रतिशत पुरुषों के नाम जबकि 21 हजार 228 अर्थात 43 प्रतिशत महिलाओं के नाम पर हैं। यह आंकड़े हर साल बढ़ते जा रहे हैं इससे स्पष्ट है कि जमीन, प्लाट, मकान आदि की खरीदी महिलाओं के नाम पर की जा रही है। इस बार भी यह आंकड़े वित्तीय वर्ष के अंत तक लाखों में पहुंचने की उम्मीद है। म.प्र. में प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करवाने पर पुरुषों को 12.5 प्रतिशत शुल्क चुकाना होता है जबकि महिलाओं को दो प्रतिशत कम 10.5 प्रतिशत शुल्क चुकाना पड़ता है। इसी का लाभ लेने के लिए लोग घर की महिलाओं के नाम प्रॉपर्टी के सौदे कर रहे हैं और उनके नाम प्रापर्टी की रजिस्ट्रियों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 की बात करें तो प्रदेश भर में करीब नौ लाख 44 हजार 549 प्रॉपर्टी के दस्तावेज रजिस्टर्ड किए गए थे जिनमें सबसे अधिक 44 प्रतिशत चार लाख 22 हजार पांच महिलाओं के नाम रजिस्टर्ड किए गए थे।