कल हरियाली अमावस्या और सूर्य ग्रहण
भोपाल [ महा मीडिया] कल सावन मास की अमावस्या हरियाली अमावस्या है। इस बार सावन अमावस्या पर सूर्य ग्रहण भी होने जा रहा है लेकिन यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा इसलिए ग्रहण का सूतक भी नहीं होगा। पूरे दिन हरियाली अमावस्या से जुड़े सभी धर्म-कर्म किए जा सकेंगे। हरियाली अमावस्या प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का पर्व है। इसके साथ ही इस दिन सार्वजनिक जगहों पर छायादार और फलदार पेड़ों के पौधे लगाने की भी परंपरा है। पौधे लगाने के साथ ही पेड़ बनने तक इनकी देखभाल करने का संकल्प भी लेना चाहिए। कल होने वाला सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखेगा। अगर कोई ग्रहण किसी स्थान पर दिखाई नहीं देता है, तो वहां उस ग्रहण का सूतक मान्य नहीं होता है। इसलिए 12 अगस्त को मंदिरों के कपाट बंद नहीं होंगे और पूजा-पाठ सहित सभी धार्मिक गतिविधियां नियमित रूप से की जा सकेंगी। श्रद्धालु भगवान शिव का अभिषेक, रुद्राभिषेक, बिल्व पत्र अर्पण, दान-पुण्य, पितरों के तर्पण और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर सकेंगे।