सिंहस्थ को लेकर ओंकारेश्वर में तैयारियां शुरू
भोपाल [ महा मीडिया]
सिंहस्थ 2028 में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर में प्रशासन ने अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। नगर परिषद ने वार्ड क्रमांक एक और तीन में अभियान चलाकर अतिक्रमण कर बनाए गए 26 मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लंबे समय से अतिक्रमण कर रह रहे लोगों के बीच भी कार्रवाई को लेकर चिंता का माहौल दिखाई दिया। सिंहस्थ के दौरान ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात, आवागमन और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रस्तावित कार्ययोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को सिंहस्थ से पहले शहर की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।