महाकाल के आंगन में आज से पाँच दिवसीय दीपोत्सव
भोपाल [ महा मीडिया] उज्जैन स्थित ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में धनतेरस से पाँच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत हो गई है। मंदिर के नंदी हॉल में सुबह 9 बजे से एक घंटे का विशेष पूजन-अभिषेक किया गया। इस दौरान पुजारी और पुरोहितों ने भगवान महाकालेश्वर के साथ धन कुबेर और चांदी के सिक्कों का पूजन किया तथा बाबा महाकाल को चांदी का सिक्का अर्पित किया। बाबा महाकाल का चांदी के चंद्र-त्रिशूल और मुकुट से भव्य शृंगार किया गया है । मान्यता है कि अवंतिका के राजा भगवान महाकाल के दरबार में प्रजा से पहले पर्व मनाया जाता है। परंपरा के अनुसार पाँचों दिन सभी आरतियों में बाबा महाकाल के समक्ष फुलझड़ी जलाई जाएगी। मंदिर परिसर को फूलों, विद्युत रोशनी और दीपों से सजाया गया है। कोटितीर्थ कुंड के तट पर भव्य दीपमालाएं सजाई जाएंगी।