भोपाल में जीआईएस घोटाला उजागर
भोपाल [ महा मीडिया] नगर निगम में फाउंटेन खरीदी के नाम पर सरकारी रकम खर्च करने का ऐसा तरीका सामने आया है जिसमें बाजार भाव भी पीछे छूट गया और शासन की निर्धारित दरें भी। जिन मोटरों की कीमत बाजार में 20 से 34 हजार रुपये के बीच बताई जा रही है उनके लिए निगम ने 45 हजार से लेकर 58 हजार 500 रुपये तक चुकाए। इन मोटरों की दरें नगरीय प्रशासन विभाग की एसओआर सूची में भी दर्ज हैं इसके बावजूद खरीदी को नॉन-एसओआर बताकर ज्यादा कीमत पर भुगतान किया गया। राजधानी में आयोजित ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट (जीआईएस) के दौरान निगम ने फव्वारों के लिए खरीदी गई 7.5 एचपी की मोटर का भुगतान 45 हजार रुपये किया गया। जबकि बाजार में इसी क्षमता की किर्लोस्कर मोटर करीब 20 हजार और सीजी कंपनी की मोटर करीब 27 हजार रुपये में उपलब्ध बताई जा रही है। यानी बाजार के इन भावों के मुकाबले निगम ने 18 से 25 हजार रुपये तक ज्यादा चुकाए।