भूस्खलन के कारण सीधी से उ.प्र. पहुँच मार्ग बाधित
भोपाल [ महा मीडिया] सीधी को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित कैमूर पहाड़ की मूड़ा घाटी में भीषण भूस्खलन होने के कारण यातायात पूरी तरह बंद हो गया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते पहाड़ के ऊपरी हिस्से से भारी मात्रा में मिट्टी, बड़े-बड़े पत्थर और पेड़ खिसककर मुख्य सड़क पर आ गिरे हैं। किसी भी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए अमिलिया थाना पुलिस ने एहतियातन दोनों ओर से रास्ता पूरी तरह सील कर दिया है। फिलहाल किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं है। यह मार्ग उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, बनारस और हनुमना जैसे क्षेत्रों को जोड़ता है। मार्ग बाधित होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने पर लोगों को लगभग 200 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।