नवीनतम
म.प्र.के 83 निजी अस्पतालों पर कार्रवाई और करोड़ों का जुर्माना
भोपाल [ महा मीडिया]
म.प्र. में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के इलाज में भारी अनियमितताएं बरतने वाले 83 निजी अस्पतालों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। बिना जरूरत मरीजों को आईसीयू में भर्ती करने और योजना के पैकेजों के दुरुपयोग के आरोप में इन अस्पतालों को दंडित किया है जिनमें अकेले राजधानी भोपाल के 25 अस्पताल शामिल हैं। इसके अलावा 50 अस्पतालों पर कुल 3 करोड़ 13 लाख 79 हजार 311 रुपये का भारी-भरकम आर्थिक दंड लगाया गया है। सिर्फ भोपाल शहर की बात करें तो यहां के 25 अस्पतालों पर कार्रवाई हुई है जिनमें 4 ब्लैकलिस्ट, 8 सस्पेंड और 13 पर करीब 2 करोड़ 11 लाख 91 हजार 492 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि कुछ अस्पतालों में रिकॉर्ड में दर्ज बेडों की संख्या और मौके पर उपलब्ध बेडों की संख्या में काफी अंतर था। कुछ अस्पतालों में तो निर्धारित संख्या की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत तक कम बेड उपलब्ध पाए गए। इस प्रकार की विसंगतियां भी योजना के मानकों के उल्लंघन के दायरे में आती हैं और इस पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है। यह कार्रवाई आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं और उनके द्वारा जमा किए गए दावों की गहन जांच के बाद की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ सही लाभार्थियों तक पहुंचे ।