मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर राजधानी भोपाल में तीन दिन तक संस्कृति, संगीत, कला और विकास की झलक देखने को मिलेगी। लाल परेड ग्राउंड में 1 से 3 नवंबर तक राज्यस्तरीय 'राज्योत्सव' आयोजित किया जाएगा। पहले दिन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता गायिका मोनाली ठाकुर अपनी प्रस्तुति देंगी जबकि अंतिम दिन राजस्थान के प्रसिद्ध लोक गायक मामे खान की गायिकी के साथ समारोह का समापन होगा। इस बार उत्सव की थीम 'विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश' रखी गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव एक नवंबर को सुबह 11 बजे राज्योत्सव के तहत लगाई जाने वाली विकास प्रदर्शनियों का उद्घाटन करेंगे। इनमें आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और देशज व्यंजन मेला शामिल हैं। शाम 6:30 बजे मुख्य सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई देने के साथ जुड़े संकल्प साझा करेंगे। राज्योत्सव के मुख्य समारोह में प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को 'भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति' और प्रशस्ति-पत्र दिए जाएंगे। योजना के तहत प्रत्येक विद्यार्थी को एक लाख रुपये की सम्मान राशि मिलेगी। जिलावार चयन में खंडवा से सबसे अधिक छह विद्यार्थी चुने गए हैं। अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली और उमरिया से चार-चार विद्यार्थियों का चयन हुआ है।