बैतूल में डीजे की तेज आवाज से छात्रा की मौत
बैतूल [ महामीडिया] बैतूल के जेएच कॉलेज में गणेश विसर्जन के दौरान एक 19 वर्षीय छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतका प्रतीक्षा वर्मा बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी और गणित विषय से पढ़ाई कर रही थी। वह शाहपुर ब्लॉक के सोहागपुर ढाना की रहने वाली थी। प्रतीक्षा अपनी सहेलियों के साथ कॉलेज परिसर में विराजित गणेश प्रतिमा के दर्शन करने गई थी। उस समय कॉलेज में विसर्जन कार्यक्रम चल रहा था और पास में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान प्रतीक्षा को अचानक चक्कर आया और वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी। सहेलियों ने उसे उठाकर बेंच पर बैठाया और पानी पिलाया लेकिन कुछ देर बाद वह पूरी तरह बेहोश हो गई। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।