भारत ने 23 पाकिस्तानियों को आतंकवादी घोषित किया
भोपाल [ महा मीडिया] पाकिस्तान के विरुद्ध बड़ा एक्शन लेते हुए भारत ने वहां के 23 लोगों को आतंकवादी घोषित किया है। यह कार्रवाई गैरकानूनी रोकथाम अधिनियमके तहत की गई है। यह लोग जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा और अन्य संगठनों से जुड़े हैं। इन पर जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों के लिए लोगों को भर्ती करने, घुसपैठ, ट्रेनिंग, ड्रोन के जरिए हथियार पहुंचाने और हमलों की साजिश रचने में शामिल होने का आरोप है। इन 23 लोगों में से तीन लश्कर के संस्थापक हाफिज सईद के करीबी सहयोगी बताए जाते हैं। यह कदम जैश-ए-मोहम्मद , लश्कर-ए-तैयबा, और जमात-उद-दावा जैसे प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े आतंकवादियों के विरुद्ध उठाया गया है। इसका उद्देश्य आतंकवादियों की संपत्तियों को जब्त करना उनकी फंडिंग को रोकना और उनके हथियारों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाना है। घोषित 23 आतंकियों में 6 जम्मू-कश्मीर के मूल निवासी हैं जबकि 17 पाकिस्तान के रहने वाले हैं। इनमें 7 पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और 10 पाकिस्तान में रह रहे हैं।इन 23 नामों के जुड़ने के बाद सरकार की तरफ से घोषित आतंकियों की संख्या बढ़कर 80 हो गई है।