नवीनतम
ट्रम्प ने ईरान पर नए सैन्य हमले रोके
नई दिल्ली (महामीडिया): अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने युद्ध समाप्ति वार्ता में मिली सफलता का हवाला देते हुए ईरान पर नए सैन्य हमले रोक दिए हैं। इससे पहले ट्रंप ने धमकी दी थी कि ईरान के तेल उद्योग पर कब्ज़ा करके युद्ध को और बढा़या जाएगा। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, ट्रंप ने ईरान के उच्च स्तरीय नेतृत्व के साथ हुई बातचीत में हुई प्रगति को इस अचानक बदलाव का कारण बताया। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि नाजुक युद्धविराम को बढ़ाने के लिए चल रही वार्ता में भी प्रगति हुई है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने का समझौता लगभग पूरा हो चुका है और उम्मीद है कि इस पर सप्ताह के अंत में यूरोप में हस्ताक्षर किए जाएंगे। ट्रंप ने ये टिप्पणियां कल व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में कीं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान परमाणु हथियार न रखने और न ही खरीदने पर सहमत हो गया है। ट्रंप ने कहा कि यह समझौता सुनिश्चित करेगा कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल न कर पाए, जिसे उन्होंने तेहरान के खिलाफ अमरीकी प्रशासन के दबाव अभियान का मुख्य उद्देश्य बताया।
अमरीका के राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खुल जाएगा, जिससे क्षेत्र में हफ्तों से चल रहे सैन्य तनाव और समुद्री व्यवधानों के बाद वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर दबाव कम होने की संभावना है।
कल अमरीका और ईरान के बीच एक दूसरे पर हमले हुए, जिससे पश्चिम एशिया में पूर्ण युद्ध फिर भड़कने का खतरा मंडरा रहा है। इस सप्ताह में तीसरी बार दोनों पक्षों के हमलों ने पश्चिम एशिया को स्तब्ध कर दिया है, हालांकि युद्ध के शुरुआती हफ्तों की तुलना में हमले सीमित रहे हैं।