अमेरिका का ईरान पर हमला आज भी जारी

अमेरिका का ईरान पर हमला आज भी जारी

नई दिल्ली (महामीडिया):  अमेरिका ने गुरुवार सुबह ईरान के कई ठिकानों पर नए हवाई हमले किए है। यह अप्रैल में हुए सीजफायर के बाद लगातार दूसरे दिन बड़ा अटैक है।

ईरानी मीडिया के मुताबिक केश्म द्वीप, बंदर अब्बास, मीनाब और सीरिक में धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। कई इलाकों में एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव कर दिए गए।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान समझौते की बातचीत में देरी कर रहा है, इसलिए अमेरिका दबाव बनाए रखेगा। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने 49 टॉमहॉक मिसाइलें दागीं और लड़ाकू विमानों से भी हमले किए।

इसके जवाब में ईरान ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। हालांकि, किसी नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

होर्मुज स्ट्रेट के पास तेल टैंकर ‘MT सेत्तेबेल्लो’ पर हुए अमेरिकी हमले में 2 भारतीय नाविकों की मौत हो गई है, जबकि जहाज का चीफ इंजीनियर अब भी लापता बताया जा रहा है। यह जानकारी फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने दी है।

FSUI के महासचिव मनोज यादव ने कहा कि जहाज से संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है। उनके मुताबिक उपलब्ध जानकारी के अनुसार दो भारतीय नाविकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक भारतीय, जो जहाज का चीफ इंजीनियर है, अब भी लापता है।

यादव ने अमेरिकी नौसेना की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसे जहाज पर मौजूद भारतीयों और अन्य विदेशी नागरिकों की राष्ट्रीयता की जानकारी थी। उन्होंने कहा कि यदि जहाज ने किसी निर्देश का पालन नहीं किया था तो उसे हिरासत में लेना एक विकल्प हो सकता था।

इससे पहले विदेश मंत्रालय ने ओमान तट के पास ‘MT सेत्तेबेल्लो’ पर हुए हमले की निंदा की थी। मंत्रालय के अनुसार जहाज पर मौजूद 24 भारतीयों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 3 भारतीय लापता बताए गए थे। भारतीय दूतावास ओमानी अधिकारियों के साथ मिलकर खोज एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहा है।

सम्बंधित ख़बरें