म.प्र. के 90 अस्पतालों में आयुष्मान मरीजों की भर्ती पर रोक

म.प्र. के 90 अस्पतालों में आयुष्मान मरीजों की भर्ती पर रोक

उमरिया [ महा मीडिया]  

म.प्र. में चार बड़े शहरों के करीब 90 निजी अस्पताल एनएबीएच प्रमाणीकरण पूरा नहीं कर पाए हैं। इसके चलते इन अस्पतालों में अक्टूबर से नए आयुष्मान मरीजों की भर्ती पर रोक लगा दी गई है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पतालों की गुणवत्ता को लेकर यह कार्रवाई की गई है। इनमें भोपाल के 46, इंदौर के 20, जबलपुर के 13 और ग्वालियर के 11 अस्पताल शामिल हैं। 
आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रदेश में पहले से ही अस्पतालों की संबद्धता और उनके कामकाज की जांच जारी है। योजना शुरू होने के बाद से म.प्र. में अब तक 462 अस्पतालों को योजना से असंबद्ध किया जा चुका है। देशभर में 3095 अस्पतालों को योजना से बाहर किया गया है। 
आयुष्मान से संबद्ध अस्पतालों की संख्या देखें तो भोपाल में 226, इंदौर में 91, जबलपुर में 68 और ग्वालियर में 81 अस्पताल संबद्ध थे। अब तक असंबद्ध किए गए अस्पतालों में भोपाल के 92, इंदौर के 62, जबलपुर के 51 और ग्वालियर के 42 अस्पताल शामिल हैं।  सरकार का मानना है कि आयुष्मान योजना के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित इलाज उपलब्ध कराने के लिए इन मानकों का पालन जरूरी है।  इस मामले में म.प्र. का आंकड़ा उत्तर प्रदेश के बाद सबसे अधिक है।

सम्बंधित ख़बरें