नवीनतम
अमित शाह ने कहा, म.प्र. को नशामुक्त करेंगे
भोपाल [ महा मीडिया]
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भोपाल में आयोजित गोपालक सम्मेलन में वर्ष 2029-30 तक मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने का बड़ा संकल्प लिया तथा देश और प्रदेश के दुग्ध उत्पादन की प्रमुख उपलब्धियां गिनाईं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज शनिवार को कहा कि मध्य प्रदेश को 31 दिसंबर 2029 तक नशामुक्त करेंगे। भोपाल के भेल दशहरा मैदान पर हुए 11 जिलों के करीब 35 हजार गोपालकों के सम्मेलन में उन्होंने गोशालाओं को ₹101 करोड़ दिए। उज्जैन में बन रहे डेयरी प्लांट का वर्चुअली भूमिपूजन किया। शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कांग्रेसी हमारा विरोध करते हैं। मैं आज उनको हिसाब देने आया हूं। आपने 75 साल में देश में दूध का कुल उत्पादन 14 करोड़ 7 लाख टन पहुंचाया था। मोदी जी ने 10 साल में 25 करोड़ तक पहुंचाने का काम किया है। प्रति व्यक्ति दूध उत्पादन 2014-15 में 307 ग्राम था अब 58 प्रतिशत बढ़कर 485 ग्राम पर पहुंच गया है। हमारा देश दुनियाभर में सबसे ज्यादा दूध उत्पादन करने वाला देश बना है। इसमें पहले 5 राज्य- उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र बीजेपी शासित ही हैं। जिलों से आए गोपालक दशहरा मैदान से लौटने लगे हैं। उनकी बसों और वाहनों के कारण आसपास की सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। इसके बाद शाह भौंरी में अत्रि परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। अमित शाह ने घोषणा की कि राज्य को दिसंबर 2029 तक नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन कदम उठाएगा और इस दिशा में विशेष बैठकें की जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोपालक सम्मेलन में राज्य में किसानों की आय बढ़ाने के लिए सहकारिता और पशुपालन को मुख्य माध्यम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 80 लाख समृद्ध पशुपालकों का एक विशाल परिवार है और सरकार इस पूरे वर्ष को 'किसान कल्याण वर्ष' के रूप में मनाते हुए किसानों की समृद्धि के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। बलराम कृषि महोत्सव, कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी और सीधे संवाद के माध्यम से किसानों की तरक्की की रूपरेखा तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिकाल से ही किसान का नाम आते ही अन्न उत्पादन का भाव मन में आता है, लेकिन किसी किसान के लिए आय का सबसे बड़ा और टिकाऊ जरिया दूध उत्पादन है। वर्तमान में मध्य प्रदेश में प्रतिदिन 2 करोड़ लीटर से अधिक दूध का उत्पादन हो रहा है जिससेराज्य पूरे देश में दूध उत्पादन के मामले में तीसरे स्थान पर है। सरकार संगठित, असंगठित और सहकारिता क्षेत्रों को जोड़कर किसानों की कमाई बढ़ाने पर केंद्रित है।