
गुजरात में एक हजार हरियाणा में 460 पाकिस्तानियों को निकालने का आदेश जारी
भोपाल [महामीडिया] जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद देशभर में विदेशी नागरिकों के खिलाफ एक्शन शुरू हो गया है। गुजरात के अहमदाबाद (890) और सूरत (134) में पुलिस ने शनिवार को महिलाओं और बच्चों सहित करीब एक हजार अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को हिरासत में लिया। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उन्हें भारत से निकाला जाएगा। हरियाणा में राज्य सरकार ने 460 पाकिस्तानियों को निकालने का आदेश जारी किया है। अभी इन्हें हिरासत में लेने की कोई सूचना नहीं है। पंजाब के अटारी बॉर्डर पर पाकिस्तानी नागरिकों के भारत से जाने का सिलसिला जारी है। केंद्र सरकार ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों को 1 मई, 2025 तक भारत छोड़ने के लिए कहा है। भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी तरह के वीजा रद्द कर दिए। अब पाकिस्तानी हिंदू तीर्थयात्रियों को 27 अप्रैल तक भारत से जाना होगा। किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को कोई नया वीजा जारी नहीं किया जाएगा। वहीं अवैध रूप से भारत में रह रहे लोगों को सरकार खुद देश से बाहर निकालेगी।