म.प्र.में पांच नगर निगमों का गठन 2027 के पहले नहीं
भोपाल [ महा मीडिया] म.प्र. में पांच नगर पालिकाओं को नगर निगम बनाने की सरकार की तैयारी फिलहाल प्रशासनिक सीमाओं के फ्रीज होने से अटक गई है। विदिशा, गुना, शिवपुरी, छतरपुर और सिवनी को नगर निगम बनाने के लिए कलेक्टरों से प्रस्ताव मंगाकर विभागीय स्तर पर कवायद शुरू कर दी गई थी लेकिन जनगणना की प्रक्रिया के चलते अब शहरी और ग्रामीण सीमाओं में बदलाव पर रोक है। ऐसे में 2027 के नगरीय निकाय चुनाव से पहले इन पांच शहरों को नगर निगम का दर्जा नहीं मिल पाएगा ।सरकार ने पिछले साल इन नगर पालिकाओं को नगर निगम में बदलने की दिशा में प्रक्रिया शुरू की थी। संबंधित जिलों के कलेक्टरों से नगर पालिकाओं की आबादी, क्षेत्रफल और आसपास के क्षेत्रों को शामिल करने सहित जरूरी जानकारी के साथ प्रस्ताव मांगे गए थे। कलेक्टरों ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज भी दिए। इसके बाद नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने आगे की प्रक्रिया के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी तैयारियों की समीक्षा की थी। इस अवधि में किसी क्षेत्र की सीमा बदलने पर जनगणना के आंकड़ों और प्रशासनिक सीमाओं के बीच विसंगति की स्थिति बन सकती है। इसी वजह से नगर पालिका की सीमा बढ़ाकर उसे नगर निगम में बदलने की प्रक्रिया रोक दी गई है।