भोपाल के नए मास्टर प्लान का ड्राफ्ट जारी

भोपाल के नए मास्टर प्लान का ड्राफ्ट जारी

भोपाल [ महा मीडिया] 

भोपाल के नियोजित विकास के लिए दो दशक से अटके नए मास्टर प्लान का ड्राफ्ट आखिरकार जारी कर दिया गया है। यह नया ड्राफ्ट विजन 2047 को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है जिसमें अगले दो दशकों की आबादी, बुनियादी ढांचे और पर्यावरण की जरूरतों का ध्यान रखा गया है। मध्य प्रदेश सरकार ने शनिवार को भोपाल मास्टर प्लान-2047 का ड्राफ्ट जारी कर दिया है लेकिन इससे आवासीय इलाकों में चल रही दुकानों को सीलिंग से राहत नहीं मिलेगी। भोपाल का पिछला मास्टर प्लान वर्ष 1995 में लागू हुआ था तब शहर की आबादी 10 से 15 लाख के बीच थी। इसकी अवधि दिसंबर 2005 में समाप्त हो चुकी है। वर्ष 2010 में मास्टर प्लान-2021 का प्रारूप तैयार किया गया था। इसमें 813 वर्ग किमी क्षेत्र और 196 गांव शामिल किए गए थे। प्रारूप को लेकर कई आपत्तियां थीं इसके बाद इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था।यह ड्राफ्ट 1016.90 वर्ग किलोमीटर के निवेश क्षेत्र के लिए तैयार किया गया है, जिसमें 254 गाँव शामिल हैं। इसे वर्ष 2047 की अनुमानित 45 लाख आबादी को ध्यान में रखकर बनाया गया है।  मास्टर प्लान-2005 में हरित क्षेत्र  करीब 16 प्रतिशत था जिसे नए प्लान में बढ़ाकर लगभग 27 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है।

सम्बंधित ख़बरें