भोपाल विदिशा फोरलेन बनेगा
भोपाल [ महा मीडिया]
मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई आज कैबिनेट बैठक में लोकहित और विकास से जुड़े कई प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है। सरकार ने भोपाल से विदिशा के बीच फोरलेन सड़क मार्ग के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के बन जाने से दोनों शहरों के बीच आवागमन काफी सुगम हो जाएगा और यातायात का दबाव भी कम होगा। कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने इच्छावर में सोयाबीन अनुसंधान केंद्र के लिए 20 हेक्टेयर भूमि निशुल्क आवंटित करने का निर्णय लिया है। इसके जरिए किसानों को आधुनिक तकनीक और उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान का लाभ मिल सकेगा। सरकार इस वर्ष को 'कृषि वर्ष' के रूप में मना रही है और दुग्ध उत्पादन में भी 20 प्रतिशत तक की वृद्धि करने के प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य में वीरता और उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 'रानी दुर्गावती पुरस्कार' और 'रानी अवंतिका बाई वीरता पुरस्कार' की राशि को बढ़ाकर अब दो-दो लाख रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा, देवास में हुए पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक सदस्यीय जांच समिति के गठन का भी निर्णय लिया गया है।