म.प्र.ने दो पाकिस्तानी क्रीमों पर प्रतिबंध लगाया
भोपाल [ महा मीडिया] म. प्र. के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 14 नवंबर की सुबह एक आधिकारिक आदेश जारी कर पाकिस्तान निर्मित 'गोरे ब्यूटी क्रीम' और 'चांदनी वाइटनिंग क्रीम' की खरीद-बिक्री और उपयोग पर तत्काल प्रभाव से सख्त रोक लगा दी है। राज्य सरकार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इन प्रतिबंधित उत्पादों को बेचने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने भोपाल सहित पूरे प्रदेश में इन क्रीमों की अवैध बिक्री रोकने के लिए छापेमारी और निगरानी तेज कर दी है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि बाजार में कहीं भी क्रीम बिकती हुई दिखें तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। प्रयोगशाला जांचों में इन क्रीमों के अंदर निर्धारित सुरक्षा मानकों से कहीं अधिक मात्रा में पारा और सीसा जैसी जहरीली भारी धातुएं पाई गई हैं जिसके कारण यह निर्णय लिया गया है। भोपाल के इब्राहिमपुरा इलाके और अन्य बाजारों में छापेमारी कर इसकी खेप जब्त की गई है और प्रशासन द्वारा इनकी बिक्री पर रोक लगाई गई है।