भोपाल में अंतरराष्ट्रीय हॉकी का रोमांच उन्नीस नवंबर से
भोपाल [ महा मीडिया] राजधानी भोपाल एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हॉकी के रोमांच की गवाह बनने जा रही है। एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में भारत समेत 6 देशों की महिला हॉकी टीमें खिताब के लिए उतरेंगी। दर्शक सभी मुकाबले बिना टिकट के देख सकेंगे। प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा।प्रतियोगिता में करीब 150 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। हर दिन तीन डे नाइट मुकाबले फ्लडलाइट की रोशनी में खेले जाएंगे। इससे दर्शकों को विश्वस्तरीय महिला हॉकी का रोमांच देखने का मौका मिलेगा। मेजबान भारतीय टीम 19 नवंबर को मलेशिया के विरुद्ध अपने अभियान की शुरुआत करेगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा किया जायेगा । भारतीय महिला हॉकी टीम रविवार रात करीब 10 बजे भोपाल पहुंची। भोपाल एयरपोर्ट पर टीम का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। खिलाड़ियों का तिलक और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।