मुख्यमंत्री यादव ने खनिज संपदा को प्रदेश की पूंजी बताया

मुख्यमंत्री यादव ने खनिज संपदा को प्रदेश की पूंजी बताया

भोपाल [ महा मीडिया] मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि सरकार प्रदेश की खनिज संपदा के जरिए विकास के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में काम कर रही है। अधिकारी इस दिशा में काम करें और अवैध उत्खनन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाएं। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन में संलिप्तों को किसी भी स्थिति में छोड़ा नहीं जाना चाहिए फिर वह चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो। मुख्यमंत्री गुरुवार को मंत्रालय में खनिज साधन विभाग की बैठक में विभागीय गतिविधियों और प्रस्तावित राज्य खनिज अन्वेषण नीति 2026 की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की खनिज संपदा प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण पूंजी है। इन प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग पारदर्शिता और पर्यावरणीय संतुलन के साथ ऐसे हो कि प्रदेश को राजस्व मिले, निवेश को प्रोत्साहन मिले और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नये अवसर सृजित हों। खनिज संसाधनों का वैज्ञानिक, पारदर्शी और पर्यावरण-सम्मत तरीके से उपयोग प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नयी गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सरकार की खनिज नीतियों का उद्देश्य राजस्व वृद्धि के साथ रोजगार, निवेश और विकास के अवसरों का विस्तार करना हो और राज्य सरकार यही सुनिश्चित कर रही है। यादव ने प्रस्तावित नीति के संबंध में कहा कि जिला खनिज निधि का समुचित उपयोग करते हुए खनिज संसाधनों से सम्पन्न जिले को महिला एवं बाल कल्याण, पर्यावरण, सडक़ सुविधाओं और पर्यावरण के मामले में माडल डिस्ट्रिक्ट के रूप में विकसित किया जाये। खनिज संसाधनों से प्राप्त होने वाले लाभ का अधिकाधिक हिस्सा जनहित के कार्यों में लगाया जाये।

सम्बंधित ख़बरें