भोपाल के वैज्ञानिकों ने अफ्रीकी स्वाइन फीवर का देशी टीका विकसित किया
भोपाल [ महा मीडिया] राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान, आनंद नगर भोपाल ने पशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अफ्रीकी स्वाइन फीवर के विरुद्ध भारत का पहला स्वदेशी जीवित क्षीणित टीका विकसित किया है। भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित यह टीका अफ्रीकी स्वाइन फीवर से सूअरों की सुरक्षा के साथ-साथ देशभर के सूअर पालकों की आजीविका को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।अफ्रीकी स्वाइन फीवर एक अत्यंत संक्रामक और घातक वायरल बीमारी है जो घरेलू और जंगली दोनों प्रकार के सूअरों को प्रभावित करती है। इस बीमारी में तेज बुखार, रक्तस्राव और लगभग 100 प्रतिशत तक मृत्यु दर देखी जाती है। भारत में इसका पहला मामला वर्ष 2020 में सामने आया था। इसके बाद यह कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैल गया जिससे हजारों सूअरों की मौत हुई और सूअर पालन व्यवसाय को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था।