अलकनंदा, मंदाकिनी सहित छह नदियां उफान पर
भोपाल [ महा मीडिया]
उत्तराखंड में लगातार बारिश होने से अलकनंदा, मंदाकिनी, भागीरथी समेत छह नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। हरिद्वार-ऋषिकेश में अनेकघाट और मंदिर डूब गए हैं। देहरादून, चमोली, बागेश्वर में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। राज्य की 132 सड़कें और बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री नेशनल हाईवे बंद किए गए हैं। चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में सभी नालों और नदियों में जलस्तर चेतावनी के निशान को पार कर गया है जिससे स्थानीय प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उफान और भूस्खलन के कारण चारधाम यात्रा मार्ग और स्थानीय रास्ते प्रभावित हुए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग और पुलिस लगातार निगरानी रख रहे हैं। यात्रियों व स्थानीय नागरिकों को नदी तटों से दूर रहने की सलाह दी गई है।