मोदी ने स्क्रीन टाइम से बचपन को बचाने की अपील की
भोपाल [ महा मीडिया] राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने शिक्षकों से पाठ्यपुस्तकों और तय पाठ्यक्रम से परे जाकर बच्चों के जीवन को समझने का आह्वान किया है। शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री मोदी ने बच्चों में बढ़ते 'स्क्रीन टाइम', वीडियो गेम की लत और मादक पदार्थों के सेवन पर गहरी चिंता जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने शिक्षकों से कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए बल्कि बच्चों के विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए। हमें किताबों और पाठ्यक्रम से बाहर निकलकर बच्चों के जीवन में गहराई से उतरने की जरूरत है। बचपन को जीवित रखने का सबसे बड़ा काम एक शिक्षक ही कर सकता है।अपनी बात को स्पष्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बच्चों में तेजी से बढ़ती 'स्क्रीन टाइम' की लत और वीडियो गेम पर उनकी निर्भरता पर गहरी चिंता जताई। साथ ही मादक ड्रग्स के सेवन को गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि यह समस्या अब सिर्फ विश्वविद्यालयों या बड़े शहरों तक सीमित नहीं रही है बल्कि छोटे इलाकों में भी पैर पसार रही है।